
लखनऊ। महान समाजवादी चिंतक और ‘सप्तक्रांति’ के प्रणेता डॉ. राम मनोहर लोहिया की जन्मस्थली अकबरपुर को अब उनके नाम से नई पहचान मिलने जा रही है। मुगल शासन काल से चले आ रहे ‘अकबरपुर’ का नाम बदलकर अब ‘लोहिया नगर’ और अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम ‘डॉ. राम मनोहर लोहिया नगर’ करने की कार्यवाही तेज हो गई है।
जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केके त्रिपाठी के अथक प्रयासों और लंबे संघर्ष के बाद इस दिशा में बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में नगर पालिका परिषद, अकबरपुर की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से अकबरपुर का नाम ‘लोहिया नगर’ करने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। बोर्ड के सदस्यों ने इस ऐतिहासिक परिवर्तन पर अपनी मुहर लगा दी है।

डॉ. केके त्रिपाठी ने बताया कि वे दशकों से इस बदलाव के लिए जमीनी स्तर से लेकर भारत सरकार तक लड़ाई लड़ रहे थे। उनके अनुसार जून 2000 पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत जॉर्ज फर्नांडिस के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने पहली बार इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था।
डा.त्रिपाठी के अनुसार शासन स्तर पर लंबित कुछ सूचनाओं को लेकर डॉ. त्रिपाठी ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से व्यक्तिगत संपर्क किया। रक्षा मंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस प्रक्रिया ने ‘द्रुतगामी’ गति पकड़ी है।
इस प्रस्ताव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश शासन के अनुसचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर, अनुपम शुक्ल से स्पष्ट आख्या के साथ अंतिम संस्तुति मांगी है। जिलाधिकारी की रिपोर्ट के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए भारत सरकार को भेजा जाएगा।
समाजवाद के पुरोधा डॉ. लोहिया के नाम से इस क्षेत्र का नामकरण होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रो. केके त्रिपाठी ने कहा, यह केवल नाम बदलना नहीं, बल्कि लोहिया जी के विचारों के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि है। इससे अकबरपुर रेलवे स्टेशन और इस जनपद को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई और गौरवशाली पहचान मिलेगी।
यह भी पढ़े : LIC बिल्डिंग में महिला अफसर को किसने जलाया? 40 डेथ क्लेम लटका मामला… पानी की बोतल से खुलेगा राज











