गोवा क्लब अग्निकांड मामले में दिल्ली से अजय गुप्ता गिरफ्तार, ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ का बिजनेस पार्टनर है

Goa Night Club Case : गोवा के अरपोरा में स्थित मशहूर नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में 6 दिसंबर को भीषण आग लगने के मामले में गोवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली से अजय गुप्ता नामक शख्स को गिरफ्तार किया है।

अजय गुप्ता को मुख्य अभियुक्त सौरभ और गौरव लूथरा का करीबी व्यापारिक भागीदार माना जा रहा है। लूथरा बंधुओं पर थाईलैंड भागने का आरोप है, और उनके खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, इस आगजनी की घटना में अब तक 25 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से अधिकतर दम घुटने से जबकि कुछ जलकर मारे गए हैं। आग मुख्य रूप से सिलेंडर ब्लास्ट के कारण लगी मानी जा रही है। घटना के दौरान, आग क्लब की पहली मंजिल में लगी, जहां डांस फ्लोर था। इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद, पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस मामले से जुड़े एक और आरोपी अजय गुप्ता को मंगलवार को नई दिल्ली से हिरासत में लिया गया। जब पुलिस टीम उसकी दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची, तो वह फरार मिला। उसके खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। अब गोवा पुलिस उसे लेकर गोवा आएगी, जहां पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अजय गुप्ता का संबंध लूथरा ब्रदर्स से है और वह उत्तरी दिल्ली का रहने वाला है। उसे इस नाइटक्लब में काफी पैसा निवेश किया हुआ था। जांच में यह भी सामने आया है कि, लूथरा ब्रदर्स का संबंध दुबई से भी है। सूत्रों के अनुसार, इन दोनों भाइयों का दुबई में भी एक मकान है, और आग लगने से ठीक चार दिन पहले ही ये दोनों भाई दुबई से लौटे थे।

बता दें कि लूथरा बंधुओं के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। अभी तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद से पुलिस ने पीड़ितों के परिवारों को सहायता मुहैया कराई है और आग के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

यह मामला गोवा की सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंसिंग प्रणाली की भी परीक्षा है, क्योंकि घटना के बाद अनेक सवाल उठ रहे हैं कि कैसे इतनी बड़ी लापरवाही बरती गई और आरोपी आसानी से फरार हो गए। पुलिस की जांच जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़े : मुरादाबाद में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़! सीएम तक पहुंचा रेस्टोरेंट के नक्शे पर हॉस्पिटल संचालन का मामला

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें