
Agra : आगरा के किरावली क्षेत्र के ग्राम बाकंदा खास में शुक्रवार दोपहर एक छह वर्षीय बच्चे के कुएं में गिर जाने का मामला सामने आया है। बच्चे का नाम रिहांश है, जो अपने पिता के साथ खेलते समय अचानक पास ही बने गहरे कुएं में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत ही बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। कुएं के अंदर पानी के नीचे गाद जमी होने के कारण बच्चे के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर नायब तहसीलदार राजपाल सिंह, राजस्व निरीक्षक संजय गुप्ता, लेखपाल संदीप सोनकर, थाना पुलिस और मुख्य फायर ऑफिसर डीके सिंह की टीम पहुंची। अग्निशमन दल ने ट्रैक्टर कपलिंग का उपयोग कर कुएं का पानी निकालना शुरू किया है। जैसे ही पानी का स्तर कम होगा, कुएं में उतरकर बच्चे की तलाश की जाएगी।
स्थानीय युवक शाहिद खान ने भी कुएं में उतरने की इच्छा जताई है, जिसके लिए टीम ने सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग किया है। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा है, जो बच्चे की सकुशल सलामती की दुआएं कर रहे हैं।
मुख्य फायर ऑफिसर डीके सिंह ने बताया कि बचाव कार्य जारी है और पानी निकालने के बाद ही स्थिति का स्पष्ट पता चलेगा। अधिकारियों की टीम मौके पर डटी हुई है और पूरी कोशिश की जा रही है कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
यह भी पढ़े : Bihar NDA Manifesto : NDA के संकल्प पत्र-2025 में बिहार का विकास, 5 साल में 1 करोड़ नौकरियां व 4 शहरों में मेट्रो











 
    
    