
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लक्ष्मीपुर एकडंगा में लंबे समय से चली आ रही चकबंदी के बाद लगभग एक एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्राम प्रधान अमेरिका प्रसाद की ओर से इस संबंध में उपजिलाधिकारी (SDM) सदर को एक लिखित पत्र दिया गया था, जिसमें सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की गई थी।
ग्राम प्रधान की पहल पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए लेखपाल, कानूनगो एवं अन्य राजस्व कर्मियों की एक संयुक्त टीम गठित की। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति का जायजा लिया और कब्जे की पुष्टि होते ही बुलडोजर चलवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है, वहीं अवैध कब्जा धारियों में हड़कंप मच गया है। ग्राम प्रधान अमेरिका प्रसाद ने बताया कि यह भूमि ग्राम समाज के उपयोग के लिए आरक्षित है और चकबंदी के समय से ही उस पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया था।
कई वर्षों से चले आ रहे इस विवाद को उन्होंने उच्चाधिकारियों के सहयोग से सुलझाया। ग्राम प्रधान ने यह भी जानकारी दी कि इस खाली कराई गई जमीन पर अब सार्वजनिक हित के कार्य होंगे। इसमें एक नया आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर पोषण और शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधान ने कहा कि भविष्य में इसी भूमि पर अन्य विकास योजनाओं के तहत सामुदायिक भवन, खेल मैदान या स्वास्थ्य केंद्र जैसे कार्यों का भी शिलान्यास कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान राजस्व निरीक्षक विजय तिवारी, लेखपाल अविनाश सहानी, अशोक त्रिपाठी, अमित पटेल सहित सिंदुरिया पुलिस फोर्स मौजूद रही।
यह भी पढ़ें – पाकिस्तान ने हमले में इस्तेमाल किए चाइनीज वेपन…एयर मार्शल एके भारती ने कहा- हमारी लड़ाई आतंकवादियों के खिलाफ
https://bhaskardigital.com/pakistan-used-chinese-weapons-in-the-attack-air-marshal-ak-bharti-said-our-fight-is-against-terrorists/