अभिनेता गोविंदा अस्पताल में भर्ती, अचानक बिगड़ी तबीयत से फैंस चिंतित

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की तबीयत मंगलवार रात अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के क्रिटिकेअर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे वह अपने घर पर अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत डॉक्टर से संपर्क किया। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें दवाइयां दी गईं और शुरुआती उपचार के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार आया।

हालांकि, रात करीब 12:30 बजे उन्हें फिर से असहजता महसूस हुई, जिसके चलते रात 1 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनके कई मेडिकल टेस्ट किए गए हैं। फिलहाल गोविंदा डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम जल्द ही उनका आधिकारिक हेल्थ अपडेट जारी करेगी।

धर्मेंद्र से मिलने के कुछ दिन बाद खुद अस्पताल पहुंचे गोविंदा

कुछ दिन पहले ही गोविंदा मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र से मुलाकात करने पहुंचे थे। उस दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे धर्मेंद्र की सेहत को लेकर भावुक नजर आए थे। धर्मेंद्र की बीमारी के बीच अब गोविंदा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने उनके प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं।

एक साल पहले भी हुआ था हादसा

यह पहला मौका नहीं है जब गोविंदा को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा हो। लगभग एक साल पहले, अपने मुंबई स्थित घर में उन्हें अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से गोली लग गई थी। दरअसल, वह रिवॉल्वर रख रहे थे, तभी वह हाथ से फिसल गई और गोली उनके बाएं घुटने में जा लगी।

घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया था, जहां सर्जरी कर गोली निकाली गई। उस समय पुलिस ने भी इस मामले में पूछताछ की थी और कई बॉलीवुड सितारे उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे थे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें