
झांसी। बुधवार रात लगभग 10 बजे झांसी में हादसा हो गया। गुरसरांय थाना क्षेत्र के गढ़वई के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात ट्रक की टक्कर से हुई इस दुर्घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंडिया निवासी मनीष दुबे (32 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय सतीश दुबे, अपने साथी प्रिंस वरार (22 वर्ष), पुत्र प्रमोद वंशकार के साथ ग्राम दखनेश्वर से शादी समारोह में निमंत्रण करके मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गढ़वई गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मनीष दुबे को ट्रक ने कुचलते हुए मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया, जबकि प्रिंस वरार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गुरसराय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज झाँसी रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक मनीष दुबे के पिता की छह वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। मनीष अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गया है। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।