हादसा : तेज रफ्तार कार ने अंडों से भरे ट्रक को मारी टक्कर, दोनों वाहन चालक घायल

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंडों से भरे एक ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर चारों ओर अंडे बिखर गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना में ट्रक चालक और कार चालक दोनों घायल हो गए। ट्रक में लदे अंडों की बड़ी खेप सड़क पर फैलकर पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे ट्रक मालिक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

ट्रक चालक ने बताया कि वह रोहिणी से अंडों की खेप लेकर लक्ष्मी नगर स्थित एक गोदाम की ओर जा रहा था। गोदाम से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया और सामान बिखर गया।

वहीं कार चालक का कहना है कि सड़क पर कीचड़ और फिसलन होने के कारण उसकी कार अचानक स्लिप हो गई और वह ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार भी पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसके साथ ही सड़क पर फैले अंडों और फिसलन को साफ करवाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें