
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने मात्र 528 गेंदों में अपने 1000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए, जो किसी भी फुल-मेम्बर टीम (शीर्ष 10 टीमें) के बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज़ उपलब्धि है। इस मामले में उन्होंने सूर्यकुमार यादव (573 गेंद) और फिल सॉल्ट (599 गेंद) जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।
अभिषेक अब भारतीय बल्लेबाजों में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यह मुकाम सिर्फ 28 पारियों में हासिल किया, जबकि उनसे आगे केवल विराट कोहली (27 पारियां) हैं। इस सूची में केएल राहुल (29 पारियां) और सूर्यकुमार यादव (31 पारियां) उनके बाद हैं।
सबसे कम गेंदों में 1000 टी20 रन (फुल-मेम्बर टीमें)
| खिलाड़ी | गेंदें |
|---|---|
| अभिषेक शर्मा | 528 |
| सूर्यकुमार यादव | 573 |
| फिल सॉल्ट | 599 |
| ग्लेन मैक्सवेल | 604 |
| आंद्रे रसेल / फिन एलेन | 609 |
भारतीय बल्लेबाज जिन्होंने सबसे कम पारियों में बनाए 1000 टी20 रन
| खिलाड़ी | पारियां |
|---|---|
| विराट कोहली | 27 |
| अभिषेक शर्मा | 28 |
| के.एल. राहुल | 29 |
| सूर्यकुमार यादव | 31 |
| रोहित शर्मा | 40 |
दो जीवनदान से बचकर रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में अभिषेक ने 11 रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की। दिलचस्प बात यह रही कि शुरुआती चार ओवरों में उन्हें दो बार जीवनदान मिला। पहले ओवर में मैक्सवेल ने मिड ऑफ पर उनका आसान कैच टपका दिया, जबकि चौथे ओवर में नाथन एलिस की गेंद पर फाइन लेग पर खड़े ड्वारशुइस के हाथों से कैच छूट गया।
आक्रामक शैली से बनाया रिकॉर्ड
अभिषेक की यह उपलब्धि उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतर प्रदर्शन का प्रमाण है। हाल के मैचों में वह पावरप्ले के दौरान तेज़ शुरुआत देकर टीम इंडिया को बढ़त दिला रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उनका यह फॉर्म उन्हें आगे चलकर वनडे और टेस्ट टीम में ओपनर की भूमिका दिला सकता है।
बारिश ने रोका मैच
पांचवें टी20 में जब 4.5 ओवरों का खेल हुआ था, तब बारिश और तेज़ हवाओं के कारण मैच रोक दिया गया। उस समय भारत का स्कोर 52 रन बिना किसी विकेट के नुकसान पर था। क्रीज पर शुभमन गिल 16 गेंदों में 29 रन और अभिषेक शर्मा 13 गेंदों में 23 रन बनाकर मौजूद थे। खराब मौसम और बिजली गिरने की संभावना के चलते खिलाड़ियों और दर्शकों को शेड में रहने के लिए कहा गया।















