
फतेहाबाद : इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा के साथ विशेष लगाव रहा है। हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आ रहे पीएम से प्रदेशवासियों को उम्मीद है कि वह प्रदेश के विकास और कर्जमुक्त करने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करेंगे। इसके अलावा एयरपोर्ट के नाम पर लूट मचाने वालों को शाबाशी देने की बजाय शिकंजा कसकर जाएंगे। उनका कहना है कि एयरपोर्ट बनाने के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। 180 करोड़ के काम पर 1800 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए। पीएम इसकी जांच करवाएं और भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, महिला विंग प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, विधायक आदित्य देवीलाल, प्रधान महासचिव प्रताप सिंह चावड़ा, जिला अध्यक्ष बीकर सिंह हड़ौली, प्रदेश सचिव बलविन्द्र कैरों के अलावा हिसार जोन के सभी जिलों से जिला प्रधान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भी उपस्थित थे। अभय सिंह चौटाला शुक्रवार को फतेहाबाद की जाट धर्मशाला में इनेलो की हिसार जोन की बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वक्फ संशोधन बिल के सवाल पर अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने भी जात-पात की राजनीति की थी लेकिन भाजपा तो कांग्रेस से भी दो कदम आगे निकल गई है। उसने किसी वर्ग विशेष को नहीं छोड़ा। हर वर्ग को आपस में लड़ाने का काम किया है। यह बिल भी भाजपा केवल लोगों को आपस में लड़ाने के लिए लेकर आई है। विधानसभा में नेता विपक्ष के सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा में आज न सत्ता पक्ष और न विपक्ष, दोनों आपस में मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेशवासियों में जागरूकता आनी शुरू हो गई है। लोग सोचने पर मजबूर है कि किसी गलत आदमी को विधानसभा में भेजने से और बोलने वाले को विधानसभा से बाहर रखने से क्या नुकसान होता है। प्रदेश में यह बदलाव की निशानी है।
पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की घोषणा कीअभय सिंह चौटाला ने पत्रकारवार्ता के दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी को पूर्व सीएम स्व. ओमप्रकाश चौटाला का जन्मदिन प्रदेशभर में बूथ स्तर कार्यकर्ता दिवस के रूप में मनाया गया। इसके बाद 14 फरवरी को अभय सिंह चौटाला का जन्मदिवस युवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन रक्तदान शिविर व युवाओं के लिए खेल गतिविधियों व अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। छह अप्रैल को चौ. देवीलाल जी की पुण्यातिथि को श्रद्धांजली दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 29 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर ‘हर घर झंडा अभियान’ चलाया जाएगा। 25 सितंबर को जननायक चौ. देवीलाल जयंती को सम्मान दिवस के रूप में तथा 20 दिसंबर पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की पुण्यतिथि को लौहपुरूष दिवस के रूप में बूथ स्तर पर मनाया जाएगा।