
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम महापौर का चुनाव आम आदमी पार्टी (आआपा) नहीं लड़ेगी। यह घोषणा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी तथा आआपा दिल्ली के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को यहां पार्टी कार्यालय में की।
उन्होंने कहा कि आआपा इस बार चुनाव में महापौर उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इससे स्पष्ट हो गया कि अब दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है। दिल्ली में महापौर का चुनाव 25 अप्रैल को होगा।
आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले भी दिल्ली नगर निगम का चुनाव रुकवाया और परिसीमन के दौरान वार्डों को इधर-उधर किया गया। उन्होंने कहा कि परिसीमन के दौरान जबरदस्त गड़बड़ी और भ्रष्टाचार किया गया। इसके बावजूद भाजपा चुनाव हारी और निगम में आआपा की सरकार बनी। इसके बाद भी दिल्ली नगर निगम बैठकों में भाजपा पार्षदों द्वारा खूब तमाशा किया गया। उसके बाद हमने फैसला किया कि इस बार महापौर चुनाव में हम अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे।
आतिशी ने कहा कि आआपा दिल्ली नगर निगम में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम चुनाव के दौरान भाजपा ने खूब गड़बड़ी की, इसके बावजूद वह बुरी तरह से हारी। इस पर भी भाजपा नहीं रुकी और आआपा के तमाम पार्षदों को पिछले ढाई सालों में किसी न किसी तरीके से तोड़ा गया।
आतिशी ने कहा कि आआपा तोड़फोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करती, इसलिए इस बार हम दिल्ली नगर निगम महापौर का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा अपनी ट्रिपल इंजन की दिल्ली में सरकार बनाए और बिना किसी बहाने के दिल्लीवालों से किए वादों को पूरा करे।
आआपा संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीख तय होने के दिन से ही सत्ता के लिए भाजपा की बेताबी साफ नजर आ रही है। चुनाव टालकर परिसीमन हो या भाजपा के मुताबिक वार्डों का बंटवारा या फिर महापौर व स्टैंडिंग कमेटी के चुनावों में गड़बड़ी और माइक तोड़ा जाना, यह सब उसी की कड़ी हैं।