
उज्जैन : बाबा महाकाल के दर्शन कर घर लौट रही एक महिला के साथ अश्लील टिप्पणी और धमकी देने का मामला सामने आया है। यह घटना महाकाल थाना क्षेत्र में बेगमबाग से हरिफाटक ब्रिज के बीच हुई, जहां स्कूटी से जा रही महिला को तीन युवकों ने निशाना बनाया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति और देवर के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। हरिफाटक ब्रिज पर रुकने के दौरान नेवी ब्लू रंग की बिना नंबर की होंडा एक्टिवा पर सवार तीन युवकों ने महिला को गलत नजरों से देखते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब महिला के पति और देवर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता अपने पति और देवर के साथ महाकाल थाना पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान पासा, अरबाज और सोहेल के रूप में हुई है, जो उसी इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सोहेल को राउंडअप कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।










