
बिलग्राम, हरदोई। नगर के ऐतिहासिक व अतिप्राचीन माता शीतला मंदिर से शुक्रवार को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन हुआ। भोलेनाथ के जयकारों से गूंजते वातावरण में हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ उठाकर राजघाट गंगा तट के लिए रवाना हुए। यात्रा में ढोल-नगाड़ों, डीजे और भगवा पताकाओं के साथ नगर का माहौल भक्तिमय हो उठा।कांवड़ यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न चौराहों व मार्गों पर व्यापारियों, समाजसेवियों और नागरिकों द्वारा जलपान व चिकित्सा शिविर लगाए गए। जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।भाजपा नेत्री दीपा विश्वास ने अपने प्रतिष्ठान के सामने समिति पदाधिकारियों और साधु-संतों को अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने माला पहनाकर स्वागत किया, वहीं भाजपा नेता कौशलेंद्र सिंह गुड्डा ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। पूर्व पालिका अध्यक्ष पति राजा रमन गुप्ता ने भी श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया।
यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संतों की उपस्थिति ने धार्मिक वातावरण को और पावन बना दिया। पूरा नगर श्रद्धा और उल्लास में डूबा नजर आया।
कोतवाली बिलग्राम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम भूमिका निभाई। प्रमुख मार्गों सहित पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही।