
Varanasi : वाराणसी में सोमवार रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में भाजपा नेत्री शालिनी यादव के फ्लैट से सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान वहां से 9 लड़कियों और 4 लड़कों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह फ्लैट स्पा सेंटर के नाम पर अवैध देह व्यापार का केंद्र बना हुआ था।
यह फ्लैट शालिनी यादव के पति अरुण यादव के नाम पर है, जिसे उन्होंने किराये पर रखा था। सिगरा स्थित वाराणसी विकास प्राधिकरण के शक्ति शिखा अपार्टमेंट के नंबर 112 में यह फ्लैट मौजूद है। देर रात सूचना मिलने पर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने छापेमारी की। जब तलाशी ली गई, तो आपत्तिजनक सामग्री, रजिस्टर और मोबाइल भी बरामद किए गए।
पुलिस की जांच में पता चला है कि लड़कियां आसपास के जिलों से आती थीं, और यह गिरोह देह व्यापार के लिए लड़कियों का अपहरण या फर्जीवाड़ा कर रहा था। सिगरा के अलावा, पुलिस ने महमूरगंज, भेलूपुर और कैंट क्षेत्र में भी कई स्पा सेंटर पर कार्रवाई की।
शालिनी यादव ने पहले कांग्रेस के टिकट पर 2017 में वाराणसी नगर निकाय चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें लगभग 1,13,345 वोट मिले थे। वे दूसरे स्थान पर रही थीं। बाद में, 2019 में उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होकर, मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा। उस चुनाव में भी वह दूसरे नंबर पर रहीं और करीब दो लाख वोट प्राप्त किए।
24 जुलाई 2023 को शालिनी यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी का हिस्सा थीं। उनके साथ सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पीयूष यादव ने भी भाजपा की सदस्यता ली थी। फिलहाल, शालिनी यादव भाजपा में किसी पद पर नहीं हैं।
शालिनी पेशे से फैशन डिज़ाइनर हैं। उनका जन्म गाजीपुर में हुआ है। उनकी शादी श्याम लाल यादव के छोटे बेटे अरुण यादव से हुई है, जो केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता श्याम लाल यादव के बेटे हैं। उन्होंने बीए ऑनर्स करने के बाद फैशन डिज़ाइनिंग में डिप्लोमा किया है।
यह भी पढ़े : Venezuela Fuel Price : क्या आप जानते हैं कि यहां Parle-G बिस्कुट के दाम के जितना सस्ता है पेट्रोल










