
- किसानों को होगी कोई परेशानी तो तत्काल होगा निस्तारण
- डीएम खुद रखेंगे खरीद प्रकोष्ठ में आने वाली शिकायतों पर नजर
सीतापुर। सरकारी खरीद केंन्द्रों पर अगर किसी किसान को कोई परेशानी होगी तो उसका तत्काल निस्तारण होगा। क्योंकि शासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि खरीद के वक्त किसानों को होने वाली समस्याओं को जानने के लिए खरीद प्रकोष्ठ की स्थापना की जाएगी। जिसमें अधिकारियों की डयूटी लगेगी और किसी किसान की समस्या को तत्काल नोट कर उस पर एक्शन लिया जाएगा।
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत गेहूँ क्रय नीति का निर्धारण किया गया है। जनपद स्तर पर एक खरीद प्रकोष्ठ की स्थापना की जानी हैं, जिसमें गेहूँ क्रय कार्य की समीक्षा की जायेगी।
साथ ही साथ क्रय के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों पर तत्परतापूर्वक कार्यवाही की जायेगी तथा खरीद नियंत्रण प्रकोष्ठ सभी कार्य दिवस में प्रातः 08 बजे से सांय 08 बजे तक नियमित रूप से कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष में विजय कुमार, कनिष्ठ सहायक की प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक एवं वाहिद वैग, चपरासी की अपरान्ह 03 बजे से रात्रि 08 बजे तक ड्यूटी लगायी गयी है।
उन्होंने बताया कि विपणन निरीक्षक श्रीमती आर्यावती सिंह को उक्त नियंत्रण कक्ष का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनके पर्यवेक्षण में उक्त कन्ट्रोल रूम का संचालन किया जायेगा। गेहूँ क्रय के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों को 01 रजिस्टर में अंकित किया जाएगा तथा तत्काल संबंधित केन्द्र प्रभारी एवं जिला प्रबन्धक एवं कृषक पंजीकरण, सत्यापन के सम्बन्ध में सम्बन्धित को अवगत कराया जाएगा।
कृत कार्यवाही तथा निस्तारण का अंकन भी पंजिका में किया जाएगा। जनपद के किसानों से संपर्क करके पंजीकरण हेतु प्रोत्साहित करने तथा सरकारी क्रय केन्द्रों पर गेहूँ विक्रय करने हेतु प्रेरित किया जायेगा तथा एक पंजिका में अंकन भी किया जायेगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभावी होगा।