
- मंत्री के भतीजे को भी पुलिस की मौजूदगी में फोन पर दी धमकी
- पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया, मुख्य आरोपी फरार
कोसीकलां, मथुरा। बुधवार की रात एक हिस्ट्रीशीटर ने सीधे-सीधे पुलिस को चुनौती दे दी। नरसी विलेज कॉलोनी में बोलेरो गाड़ी में आए बदमाशों ने भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे पूरी कालोनी थर्रा गई। इतना ही नहीं, सूचना पर जानकारी लेने आए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी को पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपी ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय की तहरीर पर आरोपी लोकेश पंडित के खिलाफ धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। मुख्य आरोपी फरार है।
भाजपा जिलाध्यक्ष एक कार्यक्रम से आधा घंटे पहले ही घर लौटे थे। बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की। घटना को अंजाम देने वाला बदमाश जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय और नरदेव चौधरी से फोन पर जस्सी किन्नर का साथ न देने की बात कह रहा था। आरोपी पर दर्जनों मुकदमें दर्ज है। घटना को लेकर पुलिस जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय के आवास पर हुई घटना को लेकर आसपास में लगे सीसीटीवी केंमरों को खंगाल रही है।
घटना के बाद गुरुवार की सुबह से ही नगरपालिका अध्यक्ष, जिला महामंत्री सत्यपाल सिंह, भानुप्रताप ठाकुर, रघुवर सिंह तोमर, महावीर पटेल, सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोग जिलाध्यक्ष के आवास पर पहुचें और घटना की जानकारी कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही। कहा योगी सरकार में अपराध जीरो टोलरेन्स पर है। बावजूद अपराधी बेखौफ हैं। थाना पुलिस की कार्यशैली अपराधियों के खिलाफ सख्त नहीं है।
विधायक राजेश चौधरी ने डीजीपी से बात की
मांट विधायक राजेश चौधरी जिलाध्यक्ष के घर पहुंचे। विधायक ने कहा कि इतनी बड़ी घटना होने बाद पुलिस अभी तक खाली हाथ है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से फोन पर वार्ता की जानकारी देते हुए भी कहा कि ऐसे शातिर अपराधी के पीछे किसका हाथ है, उसकी भी कड़ाई से जांच होनी आवश्यक है।
जिस प्लाट पर रख दे हाथ, उसका हो गया
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लोकेश पंडित इतना दबंग है जिस प्लाट पर हाथ रख दे, उसका हो जाता है। उस पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे हैं। पुलिस ने जिलाध्यक्ष के आवास के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी अपने कब्जे में कर लिया। लोग कह रहे हैं कि ऐसा करके आखिर क्या छुपाना चाहती है थाना पुलिस। थाना कोसीकला पुलिस ने बीते दिनों आरोपी लोकेश पंडित को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। वो हाल में ही जमानत पर आया है।
यह भी पढ़े : Sonam Wangchuk : लद्दाख में हिंसा के बाद सोनम वांगचुक पर सरकार का एक्शन! SECMOL का FCRA लाइसेंस रद्द