
भास्कर ब्यूरो
गुरसहायगंज, कन्नौज। गुरुवार की देर रात कस्बा से आधा सैकड़ा अधिक यात्रियों का जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। इससे पहले तिर्वा रोड से शोभा यात्रा निकाली गई जिसका कई जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कस्बा से गुरुवार की देर रात आधा सैकड़ा से अधिक भक्तों का जत्था रवाना हुआ। सभी यात्री तिर्वा रोड कमला शरण मैदान में एकत्र हुए जहां चेयरमैन प्रतिनिधि मयंक गुप्ता ने यात्रियों को अंगवस्त्र पहनाए और धार्मिक चिन्ह भेंट किए और भगवान शंकर की पूजा अर्चना की।
इसके बाद डीजे की धुन पर बज रहे भक्ति गीतों पर नाचते गाते लोगों ने शोभा यात्रा निकाली। जिसका लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। शोभा यात्रा में कई धार्मिक झांकियां चल रही थी। यात्रा तिर्वा रोड से होती हुई जीटी रोड, चौराहा, तिराहा होते हुए संतोषी माता मंदिर पहुंची जहां श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना की और इसके बाद बस में सवार होकर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए।
इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री बुंदेलखंड देवेंद्र देव, निर्मल गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, सभासद शिव गुप्ता आदि लोग मौजूद थे।