
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रविवार को 11 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में सचिवालय प्रशासन, पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तीकरण के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता को राज्यपाल का नया अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।
शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार अब तक राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के पद पर तैनात रहे हेमंत राव को श्री गुप्ता की जगह सचिवालय प्रशासन, पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तीकरण के अपर मुख्य सचिव पद पर भेजा गया है।
अन्य अधिकारियों में अब तक प्रतीक्षारत रहे अजय कुमार सिंह को राष्ट्रीय एकीकरण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। प्रतीक्षारत संतोष कुमार राय सामान्य प्रशासन विभाग में विशेष सचिव बनाए गये हैं। प्रतीक्षारत अभय को विशेष सचिव उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय, प्रतीक्षारत पवन कुमार को विशेष सचिव भाषा, प्रतीक्षारत विवेक को विशेष सचिव नियोजन, प्रतीक्षारत प्रशांत शर्मा को विशेष सचिव वाह्य सहायतित परियोजना, प्रतीक्षारत देवी शरण उपाध्याय को विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण और प्रतीक्षारत अमरनाथ उपाध्याय राजनीतिक पेंशन व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा मणिपुर से उत्तर प्रदेश काडर में ट्रांसफर हुए रवींद्र सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।











