कानपुर : अम्मा की मौत पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, राम नाम के साथ पढ़ी गयी नमाज

  • हिन्दुओं ने राम नाम व मुस्लिमों ने नमाज अदा कर नम आंखों से दी विदाई

कानपुर, । उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर नगर में गंगा जमुनी तहजीब का लंबा इतिहास है और पत्रकारिता के पितामह गणेश शंकर विद्यार्थी अपना जीवन न्यौछावर कर दिये थे। इसी का परिणाम है कि वर्तमान पीढ़ी भी इसको बराबर आगे बढ़ा रही है और लॉकडाउन के दौरान कई बार गंगा जमुनी तहजीब देखने को मिली। इसी कड़ी में शनिवार को एक बार फिर उस समय गंगा जमुनी तहजीब का लब्बोलुआब देखने को मिला जब 40 सालों से फुटपाथ पर जीवन यापन करने वाली बुजुर्ग अम्मा के अंतिम संस्कार में हिन्दुओं ने राम नाम और मुस्लिमों ने नमाज अदा कर उसे अंतिम विदाई दी।

चकेरी थानाक्षेत्र के लाल बंगला हरजेन्दर नगर नई सब्जी मंडी के पास एक बुजुर्ग महिला की शनिवार को मौत हो गयी। यह महिला बीते 40 साल से इसी क्षेत्र में फुटपाथ में रहती थी और लोग उसे प्रेम से अम्मा कहकर पुकारते थे। यहां पर हिन्दू और मुस्लिम वर्ग के लोग उसे बराबर भोजन देते थे। बुजुर्ग महिला की मौत की सूचना जैसे ही लाल बंगला के व्यापारी नेता राजेश अवस्थी, प्रेम सिंह डंगवाल शंकर, रईस अहमद, अकील व फरमान अहमद को हुई तो उनके आंखों से आंसू छलक पड़े। राजेश अवस्थी ने बताया कि करीब 40 वर्षों से फुटपाथ पर रहने वाली महिला की हिन्दू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग भोजन, पानी व स्वास्थ्य की सेवा करते आ रहे हैं थे, आज भोजन देने गये तो बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी, मां व अम्मा जी के नाम से जानी जाने वाली महिला की अचानक मौत होने से हम सब बहुत दुखी हैं।

रईस अहमद ने बताया कि करीब 5 वर्ष से वह हमारे घर के सामने हाईवे पुल के नीचे रह रही थी, आये दिन हम लोग भोजन दे दिया करते थे, आज उनकी मौत से ऐसा महसूस हो रहा है कि जैसे हमने अपनी अम्मी को खो दिया है। इसकी जानकारी एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज दिलीप कुमार मिश्रा को हुई तो उन्होंने तत्काल चकेरी थानाध्यक्ष राम कुमार गुप्ता को मृत की सूचना से अवगत कराया, उन्होंने तत्काल चकेरी चौकी इंचार्ज राकेश दीक्षित को मौके पर भेजा, लाल बंगला के व्यापारी नेता राजेश अवस्थी, रईस अहमद, प्रेम सिंह डंगवाल ने अन्तिम संस्कार करने के लिए आवश्यक सामाग्री व शव वाहन की व्यवस्था की। अन्तिम संस्कार से पहले एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टर महेंद्र अग्रवाल, कमल सिंह यादव, भारत गुजराल ने श्रद्धांजलि अर्पित किया।

शव को गाड़ी में रखकर सिद्धनाथ घाट ले जाया गया। जहां पर व्यापारी नेता राजेश अवस्थी, रईस अहमद, फरमान अहमद ने अग्नि देकर अन्तिम संस्कार किया। इस दौरान हिन्दुओं ने राम नाम कहा तो मुस्लिमों ने नमाज अदा कर अम्मा को अंतिम विदाई दी। इस बाबत चकेरी थानाध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने कहा कि इलाकाई लोगों ने गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल देकर सराहनीय कार्य किया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें