
अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराजसिंह गोहिल ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इससे कुछ देर पहले उसी रिवॉल्वर से चली गोली लगने से उनकी पत्नी राजेश्वरी की मौत हो गई थी। यह घटना बोडकदेव इलाके के एनआरआई टावर स्थित फ्लैट में हुई।
पुलिस के अनुसार, यशराजसिंह रिवॉल्वर की जांच कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई, जो उनकी पत्नी के गले के पास लगी। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया, लेकिन मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर से यशराजसिंह गहरे सदमे में चले गए और कुछ ही देर बाद उन्होंने उसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
प्रारंभिक जांच और यशराजसिंह की मां के बयान के आधार पर पुलिस इसे एक दुर्घटना मान रही है। हालांकि, सच्चाई स्पष्ट करने के लिए पति-पत्नी दोनों के शवों को फॉरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।
बताया गया है कि दंपति उसी शाम एक सामाजिक कार्यक्रम से लौटे थे और सामान्य व खुश नजर आ रहे थे। रात करीब 11:45 बजे यह हादसा हुआ। यशराजसिंह गुजरात मैरिटाइम बोर्ड में अधिकारी थे और उनकी शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।















