
जयपुर। जयपुर में गुरुवार सुबह पत्थर की खदान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के दादर बावड़ी इलाके में स्थित खदान में करीब 100 फीट ऊंचाई से चट्टानें गिरने से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली दब गईं। हादसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक घायल हो गया।
हरमाड़ा थाना पुलिस के अनुसार दादर बावड़ी डूंगरी स्थित खदान में सुबह करीब 8 बजे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थर भरने के लिए गई थीं। इसी दौरान पत्थर भरते समय अचानक खदान का एक हिस्सा ढह गया और ऊंचाई से भारी चट्टानें नीचे आ गिरीं। चट्टानों को गिरता देख वहां मौजूद दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक और दो मजदूर जान बचाकर भागने लगे। हादसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक सरदार मल गुर्जर (34) पत्थरों के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद साथियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला। पत्थर गिरने से उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चेतक में तैनात कॉन्स्टेबल राजकुमार ने एम्बुलेंस की मदद से घायल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।















