Basti : गौरा उपाध्याय में कमरे के पंखे से लटका मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

Basti : बस्ती के बनकटी में थाना लालगंज क्षेत्र के गौरा उपाध्याय गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 46 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटकता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान गांव निवासी रणजीत के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे परिजनों की नजर कमरे के अंदर लटक रहे शव पर पड़ी। बताया जा रहा है कि घटना के समय रणजीत नशे की हालत में था। पत्नी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सहायता से शव को नीचे उतारा गया और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने बताया कि रणजीत करीब 16 दिन पूर्व ही इलाहाबाद से गांव वापस लौटा था।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि रणजीत का गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध था, जिसको लेकर बीते अक्टूबर माह में वह उसे अपने साथ इलाहाबाद ले गया था। इसी बात को लेकर पारिवारिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस घटना के पीछे घरेलू कलह की संभावना भी मानकर जांच कर रही है।

मृतक अपने पीछे पत्नी संगीता (44 वर्ष) और चार बच्चों भीम (18), कंचन (16), रंजन (15) एवं अर्जुन (13) को छोड़ गया है। उल्लेखनीय है कि लगभग सात वर्ष पूर्व मृतक के बड़े भाई ने भी पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या कर ली थी।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथा सभी बिंदुओं की जांच के उपरांत ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

यह भी पढ़े : फैजल मुझसे रोज अश्लील हरकत… जिम की आड़ में धर्मांतरण का धंधा, मीरजापुर की पीड़िता बोली- ‘बुर्के में फाटो और घर पर नमाज पढ़वाता था’

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें