
Hathras : सादाबाद स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर में बुधवार सुबह मधुमक्खियों के झुंड ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विशाल पर अचानक हमला कर दिया। हमले में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे पशु चिकित्सालय परिसर में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकीय पशु चिकित्सालय के पुराने भवन के पास एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह कुछ लोग छत्ते से शहद निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और वहां ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विशाल पर अचानक हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से विशाल घबरा गया और बचाव के लिए जोर-जोर से शोर मचाने लगा। शोर सुनकर मौके पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय लोग और परिजन पहुंचे और किसी तरह विशाल को मधुमक्खियों के हमले से बचाया गया।
घायल कर्मचारी विशाल को तत्काल उपचार के लिए सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल आगरा में पशु विभाग के कर्मचारी विशाल का उपचार चल रहा है।
घटना के बाद काफी देर तक मधुमक्खियों के उड़ने से पशु चिकित्सालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मधुमक्खियों की सक्रियता के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।











