
भोपाल : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भोपाल नगर निगम द्वारा शहर की ऐतिहासिक इमारतों के नाम बदलने के प्रस्ताव पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर नगर निगम भोपाल के इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि एडवोकेट नवेद अख्तर हाशमी द्वारा प्रस्तुत आवेदन में नगर निगम के संकल्प क्रमांक 05 दिनांक 24 जुलाई 2025 के तहत हमीदिया अस्पताल, हमीदिया कॉलेज और हमीदिया स्कूल सहित अन्य संस्थानों के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर गंभीर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। उनके अनुसार, ये संस्थान भोपाल के इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम से गहराई से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने नवाब हमीदउल्ला खां के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे भोपाल रियासत के शासक होने के साथ-साथ स्वतंत्रता आंदोलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्व थे। उनके नाम से जुड़ी ऐतिहासिक संस्थाओं का नाम बदलना ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को कमतर आंकने का प्रयास है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम के प्रस्ताव को “बेबुनियादी और ऐतिहासिक औचित्य से रहित” बताते हुए कहा कि ऐसे निर्णय समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा करते हैं और प्रदेश की गौरवशाली विरासत को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि भोपाल की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए इस विवादास्पद प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से निरस्त कराया जाए।
दिग्विजय सिंह ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान की रक्षा करते हुए इस विषय में संवेदनशील और न्यायोचित निर्णय लेगी।















