
- बच्चे के साथ मॉस्को भागी महिला को ढूंढने का सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश
New Delhi : सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह नहीं चाहते कि उनके किसी आदेश से रूस के साथ रिश्ते खराब हों। यह बात कोर्ट ने भारतीय पति और रूसी पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर कही। महिला अपने अलग रह रहे भारतीय पति के साथ भरण पोषण को लेकर कटु विवाद के बीच बच्चे के साथ मॉस्को चली गई थी। कोर्ट ने केंद्र को चार हफ्ते के अंदर महिला और बच्चे का पता लगाने का निर्देश दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने केंद्र सरकार की ओर से पेश हुईं अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल की दलील पर गौर किया कि महिला और बच्चे का पता लगाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। सॉलिसिटर ने बताया कि उन्हें ढूंढकर भारत वापस लाने के लिए इंटरपोल के नोटिस भी जारी किए गए हैं। विधि अधिकारी ने कहा कि उन्हें कुछ नई जानकारी मिली है…कृपया हमें कुछ और सप्ताह का समय दें। हम एक अपडेटेड रिपोर्ट दाखिल करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि रूस भारत का मित्र है, जिस पर बेंच ने भी सहमति जताई और केंद्र को चार हफ्ते का समय दिया। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने सीलबंद लिफाफे में रिपोर्ट दाखिल की थी। कोर्ट ने विधि अधिकारी से इस मुद्दे को मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के सामने उठाने को कहा ताकि रूस की जांच समिति से बच्चे और याचिकाकर्ता-मां का पता लगाने का आग्रह किया जा सक। यह महिला साल 2019 से भारत में रह रही थी। महिला एक्स-1 वीजा पर भारत आई थी, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी थी। हालांकि, अदालती कार्यवाही में सुप्रीम कोर्ट ने समय-समय पर वीजा की अवधि बढ़ाने का निर्देश दिया।
बेंच ने सॉलिसिटर से कहा कि हम ऐसा कोई आदेश पारित नहीं करना चाहते जिससे भारत और रूस के रिश्ते खराब हों, लेकिन यह ऐसा मामला है जिसमें एक बच्चा शामिल है। हम सिर्फ यही आशा कर सकते हैं कि बच्चा अपनी मां के साथ स्वस्थ और सुरक्षित हो। आशा है कि यह मानव तस्करी का मामला नहीं है…। पिछले साल 21 जुलाई को कोर्ट को बताया गया था कि रूसी महिला बच्चे के साथ नेपाल सीमा के रास्ते चली गई है।
आशंका जताई गई कि वह शारजाह के रास्ते अपने देश पहुंच गई थी। पति ने आरोप लगाया कि उसकी अलग रह रही पत्नी बच्चे के संरक्षण के संबंध में कोर्ट के आदेश का पालन नहीं कर रही है। व्यक्ति ने दावा किया कि उसे महिला और बच्चे के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।















