Etah : पिता-पुत्री समेत चार की हत्या का खुलासा, आरोपी परिजनों ने खुद दिया वारदात का अंजाम

Etah : 19 जनवरी को लगभग दोपहर 02:35 बजे थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला प्रेमी के एक घर में चार लोगों की हत्या कर दी गई। इस सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर एटा मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। आसपास के पड़ोसियों से पूछताछ की गई। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी, डीआईजी अलीगढ़ और एडीजी आगरा जोन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटनास्थल पर गंगा सिंह शाक्य पुत्र स्व. मनसुखलाल 70 वर्ष, रत्ना देवी पत्नी कमल सिंह 40 वर्ष, और ज्योति पुत्री कमल सिंह 23 वर्ष का शव मृत अवस्था में पड़ा था। श्यामा देवी, पत्नी गंगा सिंह शाक्य 65 वर्ष, घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल उपचार हेतु भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और भौतिक, रासायनिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्रित किए। फोरेंसिक टीम ने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर घटनास्थल को सुरक्षित किया।

तहरीर और मुकदमा
वादी कमल सिंह पुत्र गंगा सिंह निवासी सुनहरी नगर, नगला प्रेमी, थाना कोतवाली नगर ने तहरीर दी। इसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा संख्या 35/26 धारा 103(1) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। जांच प्र.नि. श्री प्रेमपाल सिंह, कोतवाली नगर, एटा द्वारा संपादित की जा रही है।

सीसीटीवी साक्ष्य
पड़ोसियों के घर लगे सीसीटीवी कैमरे से यह पता चला कि मृतक गंगा सिंह शाक्य के घर के गेट के सामने और पीछे निकलने वाले गेट की सीढ़ियां कैमरे द्वारा कवर थीं। घर के मुख्य गेट के सामने वाला सीसीटीवी लगभग 29 मिनट पीछे चल रहा था, जबकि पीछे का गेट वास्तविक समय पर रिकॉर्ड कर रहा था।

  • वास्तविक समय 12:40 बजे (कैमरा समय 12:11 बजे) कमल सिंह बाइक से घर के बाहर उतरते और पौलीथीन में कुछ लेकर घर के अंदर जाते दिखे।
  • वास्तविक समय 01:55 बजे (कैमरा समय 01:27 बजे) कमल सिंह घर से बाहर निकलकर दुकान की तरफ जाते दिखे।
  • वास्तविक समय 02:17 बजे (कैमरा समय 01:48 बजे) 9 वर्षीय पुत्र स्कूल से घर वापस आया।
  • वास्तविक समय 02:18 बजे (कैमरा समय 01:50 बजे) 9 वर्षीय पुत्र घर से बाहर निकलकर सामने के घर में गया और एक महिला के साथ वापस अपने घर में लौटा।

इस दौरान, कमल सिंह के घर में कोई अन्य व्यक्ति प्रवेश करते या बाहर निकलते नहीं दिखा।

घटनास्थल के पीछे का सीसीटीवी और मोबाइल विश्लेषण
मृतका ज्योति के स्मार्टफोन की जांच में पाया गया कि उसने घटना से पहले 01:20 बजे तक चैटिंग की थी। पड़ोसियों की बातचीत से यह भी पता चला कि ज्योति और अनुराग सक्सेना के बीच प्रेम संबंध चल रहा था और शादी की बात चल रही थी।

फील्ड यूनिट द्वारा पाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी विश्लेषण और भौतिक, रासायनिक व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से वादी कमल सिंह अपने चारों परिजनों की हत्या का मुख्य अभियुक्त पाया गया।

अभियुक्त का बयान
कमल सिंह ने बताया कि उसकी छोटी पुत्री ज्योति की शादी चंडीगढ़ में तय थी। लड़के वालों को सामान खरीदने के लिए उसे 4 लाख रुपये भेजने थे, लेकिन उसके पास पैसा नहीं था। पत्नी रत्ना देवी ने उससे इस संबंध में सवाल किया। कमल सिंह ने कहा कि बहस के दौरान उसने आपा खो दिया और अपनी पत्नी को बेड पर धक्का देकर गला दबाया, फिर छत से एक सीमेंट की ईंट से वार किया। ज्योति उसे बचाने आई तो उसने उस पर भी ईंट से वार किया।

श्यामा देवी शोर सुनकर ऊपर आईं तो कमल सिंह ने उन पर भी ईंट से वार किया। इसके बाद अपने पिता गंगा सिंह पर ईंट से हमला किया। घटना के दौरान खून उसके जूते और कपड़ों पर लग गया, जिसे उसने बाथरूम में धो लिया। घटना के बाद कमल सिंह मोटरसाइकिल लेकर घर से निकल गया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें