
सहारनपुर : जिले के सरसावा इलाके में सनसनीखेज घटना सामने आई है। कस्बे की कौशिक बिहार कॉलोनी स्थित एक मकान में मंगलवार सुबह नकुड़ तहसील में तैनात अमीन, उसकी पत्नी, दो बेटों और मां के शव मिले हैं। शवों के पास ही तीन पिस्टल पड़ी मिलीं। सभी शवों पर गोली के निशान हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले को हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से जांच रही है।
फिलहाल जांच में सामने आया है कि सभी की मौत गोली लगने से हुई है। परिवार के सभी लोगों की गोली मारकर हत्या की गई या यह आत्महत्या का मामला है, इसे लेकर पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है।
एसपी देहात सागर जाईं ने बताया कि मृतकों की पहचान अशोक 40, उनकी पत्नी अंजिता 37, मां विद्यावती 70 और दो बेटों कार्तिक 16 व देव 13 के रूप में हुई है। अशोक ने अपने पिता की मौत के बाद नकुड़ तहसील में राजस्व अधिकारी (अमीन) के रूप में ज्वाइन किया था। बेटा देव शहर के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि कार्तिक नकुड़ के एक इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता था।
पास ही रहता है बहन का परिवार
अमीन अशोक के जीजा ने बताया कि उनके घर से महज 200 मीटर दूर ही अशोक का मकान था। मंगलवार सुबह उन्होंने अशोक को कई बार कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को अशोक के घर भेजा। जब भांजे ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। यह देखकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह घर का दरवाजा खोला गया। नीचे के हिस्से में कोई नहीं मिला, इसके बाद सभी लोग ऊपरी तल पर पहुंचे। आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद रसोई की खिड़की तोड़ी गई। दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। एक कमरे में सभी के शव पड़े थे और शरीर पर गोलियों के निशान थे।
शवों के पास मिलीं तीन पिस्टल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो अशोक और उनकी पत्नी के शव फर्श पर पड़े मिले, जबकि उनकी मां और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर थे। छानबीन में पुलिस को तीन पिस्टल मिलीं। अनुमान है कि इन्हीं से गोलियां चलाई गईं। जांच में पता चला है कि अशोक के सीने पर गोली के निशान थे, जबकि दोनों बच्चों के माथे पर सटाकर गोली मारी गई थी। पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम बारीकी से जांच कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा जा रहा है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में दहशत का माहौल है।
खुदकुशी या हत्या
पुलिस को आशंका है कि अमीन ने पहले अपनी मां, पत्नी और दोनों बेटों को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या परिवार पर कोई कर्ज था, नौकरी से जुड़ा तनाव, घरेलू विवाद या मानसिक दबाव था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया। यह भी संभावना है कि किसी झगड़े के दौरान गुस्से में आकर यह वारदात हुई हो। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं कोई बाहरी व्यक्ति घर में घुसकर हत्या तो नहीं कर गया। पैसों के लेन-देन, दुश्मनी और अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।
अशोक की मेडिकल हिस्ट्री की जांच
घटना के बाद डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसएसपी आशीष तिवारी भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मौके पर मृतक अशोक राठी की दाईं ओर तीन पिस्टल पड़ी थीं। देखने से प्रतीत होता है कि गोली सिर में सटाकर मारी गई है। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि वारदात के दौरान ज्यादा संघर्ष नहीं हुआ। इससे आशंका है कि अशोक ने पहले परिजनों को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि यह जांच का विषय है। अशोक की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है कि कहीं वह डिप्रेशन से तो ग्रसित नहीं था। किसी सुसाइड नोट की भी तलाश की जा रही है। फोरेंसिक टीम मौके पर बारीकी से जांच में जुटी है।












