Jalaun : ब्लड कैंसर के मरीजों के लिए स्वदेशी तकनीक से बड़ी राहत

Jalaun : ब्लड कैंसर के गंभीर और अंतिम अवस्था के मरीजों के इलाज में भारत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्वदेशी तकनीक से विकसित काइमेरिक एंटीजन रिसेप्टर टी-सेल (CAR-T) थैरेपी को गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र को समर्पित किया। यह थैरेपी जालौन जिले के रामपुरा निवासी और आईआईटी मुंबई में सहायक प्रोफेसर डॉ. राहुल पुरवार द्वारा विकसित की गई है।

डॉ. राहुल पुरवार की यह थैरेपी ब्लड कैंसर की चौथी स्टेज तक के मरीजों पर भी प्रभावी बताई जा रही है। अब तक इस अत्याधुनिक इलाज के लिए मरीजों को विदेश जाना पड़ता था, जहां उपचार पर लगभग पांच करोड़ रुपये तक का खर्च आता था। स्वदेशी CAR-T थैरेपी के विकसित होने से भारत में ही यह इलाज लगभग 40 लाख रुपये में संभव होगा, जिससे हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. राहुल पुरवार ने बताया कि जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान परिषद (BIRAC) और बायोटेक्नोलॉजी विभाग के सहयोग से 4 जून 2021 को इस थैरेपी के विकास का कार्य शुरू किया गया था। टाटा मेमोरियल अस्पताल और आईआईटी मुंबई में इसका सफल क्लीनिकल ट्रायल किया गया। ट्रायल के दौरान 18 मरीजों पर इस थैरेपी का परीक्षण हुआ, जिनमें छह बच्चे भी शामिल थे। परिणाम बेहद उत्साहजनक रहे, जिससे इसकी प्रभावशीलता सिद्ध हुई।

मुंबई स्थित आईआईटी परिसर में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, टाटा मेमोरियल अस्पताल के निदेशक डॉ. सुधीर गुप्ता और आईआईटी मुंबई के निदेशक प्रो. सुभाषीष चौधरी उपस्थित रहे। सभी ने इस स्वदेशी थैरेपी को भारतीय चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

जालौन का नाम किया रोशन

डॉ. राहुल पुरवार मूल रूप से जालौन जिले के रामपुरा नगर पंचायत क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा रामपुरा के समर सिंह इंटर कॉलेज से प्राप्त की। उनके पिता डॉ. कैलाश नारायण एक निजी चिकित्सक हैं। राहुल ने स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई लखनऊ से की, एम्स दिल्ली से शोध कार्य किया, जर्मनी से पीएचडी तथा हार्वर्ड मेडिकल कॉलेज, बोस्टन (यूएसए) से फेलोशिप प्राप्त की। अमेरिका में साढ़े चार वर्ष कार्य करने के बाद, दिसंबर 2013 से वे आईआईटी मुंबई के बायो साइंस एवं बायो इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत हैं।

उनकी इस उपलब्धि से न केवल जालौन बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें