
- मूर्तिहा रेंज में नेपाली नागरिक अवैध कटान के लिए लगातार प्रवेश कर रहे हैं
- नेपाल का निवासी है अभियुक्त; औजार और साइकिल बरामद
Mihipurwa, Bahraich : कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में अवैध कटान और वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और सफलता हाथ लगी है। मुर्तिहा रेंज क्षेत्र में वन विभाग की गश्ती टीम ने संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर बहुमूल्य प्रजाति के शीशम वृक्ष के कटान में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट के निर्देशन में गठित गश्ती दल ने शनिवार की शाम करीब 6 बजे मुर्तिहा रेंज के बीट संख्या 18, पूर्वी भाग स्थित संरक्षित सेंचुरी क्षेत्र (कोर क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट) में छापेमारी की। मौके पर अवैध रूप से शीशम वृक्ष का कटान किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कटान में प्रयुक्त एक आरा और एक साइकिल बरामद की गई, जबकि एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया।
वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मिलन, पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम आशापुर पकड़िया, वार्ड संख्या 8, थाना गुलरिया, जिला बर्दिया, नेपाल के रूप में हुई है। आरोपी के पास से शीशम के गोल प्रकाष्ठ के चार नग जड़ सहित बरामद किए गए।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी रत्नेश कुमार, वन दरोगा पवन कुमार शुक्ला, वन रक्षक स्मृति उपाध्याय और दैनिक वेतनकर्मी सितराज की सक्रिय भूमिका रही।











