
बीकेटी, लखनऊ। बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों के मुताबिक महिंगवा थाना क्षेत्र के ग्राम बराखेमपुर निवासी गोल्डी सिंह (25) का विवाह 1 दिसंबर 2020 को दुर्गेश सिंह, निवासी छोटी देवरई, थाना बख्शी का तालाब, जनपद लखनऊ के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति दुर्गेश सिंह, ससुर अशोक सिंह, सास आशा सिंह एवं जेठ अन्नू सिंह द्वारा दहेज की मांग को लेकर गोल्डी सिंह को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसकी जानकारी मृतका ने समय-समय पर अपने मायके पक्ष को दी थी।
परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि दिनांक 16 जनवरी 2026 को ससुराल पक्ष ने षड्यंत्र के तहत गोल्डी सिंह की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या दर्शाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत शनिवार को मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दुर्गेश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि सास-ससुर एवं जेठ की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : Jalaun : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को कोर्ट ने सुनाई सजा, उम्रकैद के साथ लगाया 1 लाख 20 हजार का जुर्माना











