
Virat Ramayan Mandir : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में विश्व के सबसे बड़े सहस्र शिवलिंगम (सहस्र लिंगम) की स्थापना का भव्य आयोजन पूरे उल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच संपन्न हो रहा है। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के तहत मंदिर परिसर में पीठ पूजा का शुभारंभ हुआ, जिसमें समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी और उनके पति सायण कुणाल यजमान के रूप में शामिल हुए। साथ ही, काशी की प्रसिद्ध विद्वान मंडली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्वान भी इस पावन अवसर पर पूजा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस महामहिम आयोजन में भाग लिया और विराट रामायण मंदिर पहुंचकर सहस्र शिवलिंगम की स्थापना की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इसके बाद वे मोतिहारी में समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हो गए।
मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु भगवान शिव का मंत्र जप कर रहे हैं, महिलाएं महादेव के मंगलगीत गा रही हैं। कुछ ही घंटों में, काशी सहित देश के विभिन्न भागों से आए विद्वान इस पावन अनुष्ठान की विधि संपन्न करेंगे।
यह आयोजन पूर्वी चंपारण के कैथवलिया स्थित जानकी नगर में बने विराट रामायण मंदिर में हुआ है, जो देश का सबसे बड़ा शिवलिंगम (सहस्र लिंगम) स्थापना का कार्यक्रम है। उल्लेखनीय है कि 20 जून 2023 को इस मंदिर के निर्माण के लिए धार्मिक न्यास परिषद पटना के तत्कालीन अध्यक्ष आचार्य किशोर कुणाल के नेतृत्व में शिलान्यास हुआ था। इसके बाद से डेढ़ वर्षों तक प्रतिदिन करीब 250 मजदूरों ने अथक परिश्रम कर मंदिर का निर्माण किया।
मंदिर की नींव का कार्य पूर्ण होने के बाद, परिसर में आधारपीठ का निर्माण किया गया, जिस पर तमिलनाडु के महाबलीपुरम में बनाए गए 33 फीट ऊंचे एवं 33 फीट मोटे सहस्रलिंगम की स्थापना की जानी है। यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न हो रहा है।
इस आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश के कई बड़े नेता भी भाग ले रहे हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पावन अवसर पर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने लिखा, “पूर्वी चंपारण के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग के स्थापना समारोह के पावन अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। यह दिव्य आयोजन हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन गौरव को और अधिक सशक्त करेगा।”
यह भी पढ़े : ‘पापा ने मेरा रेप किया..’ नाबालिग ने जब बड़ी बहन को बताया तो वो बोली- ‘मेरा भी किया बलात्कार’















