
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के हरी नगर इलाके में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना में अन्य 4 युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक की पहचान कृष्णा 18 वर्ष के रूप में की है। परिजनों ने बताया कि कृष्णा सुबह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौट पाया। बाद में उसके दोस्त प्रिंस ने फोन किया और बताया कि उसका झगड़ा हो गया है। इसी बीच दूसरे गुट के युवकों ने कृष्णा और प्रिंस पर हमला कर दिया। इस दौरान कृष्णा पर चाकू से करीब 25 बार वार किए गए, जबकि प्रिंस मौके से फरार हो गया। इस घटना में उसे भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर कृष्णा को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों की मांग है कि उन्हें न्याय मिले और कातिल को कड़ी सजा दी जाए।
डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि जैतपुर थाना इलाके में लड़कों के दो गुटों के बीच चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक नाबालिक सहित 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में पता चला कि यह विवाद दो पक्षों के बीच एक साझा परिचित को लेकर हुआ था। मुख्य संदिग्ध की पहचान दीपक के रूप में हुई है। घटना से पहले सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायतकर्ता प्रिंस 19 को परेशान किया जा रहा था। समझौता कराने के बहाने पीड़ित रात 11 बजे विरोधी समूह से मिलने पहुंच गया। इसी बीच दोनों में कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई, जिसमें संदिग्धों ने पीड़ितों पर चाकू से हमला किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।












