भोपाल : विदिशा गर्ल्स कॉलेज में हंगामा, प्रिंसिपल के बयान पर विवाद

भोपाल : विदिशा के शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कॉलेज के प्राचार्य के एक बयान को लेकर विवाद हो गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंच से संबोधित करते हुए प्राचार्य बी.डी. अहिरवार ने छात्राओं को उमराव जान, मैं आवारा हूं और मुग़ल-ए-आज़म जैसी फिल्में देखने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य के इस बयान पर वहां मौजूद विश्व हिंदू परिषद की कार्यकर्ता महिमा दुबे ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने मंच से ही प्राचार्य को नसीहत देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं को संस्कार और शिक्षा से जुड़े विषयों पर प्रेरित किया जाना चाहिए, न कि ऐसी फिल्मों का उल्लेख किया जाना चाहिए, जिन पर आपत्ति हो सकती है।

महिमा दुबे के विरोध के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, कॉलेज प्रशासन और मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद कॉलेज परिसर में चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें