
MP News : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्राम नगझर स्थित जिला जेल सिवनी से गंभीर अपराध (बलात्कार प्रकरण) में न्यायिक हिरासत में बंद तीन कैदी बुधवार दोपहर सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार हो गए। इस घटना की जानकारी शाम के समय उस वक्त सामने आई जब कैदियों को नियमित रूप से लॉकअप में बंद किया जा रहा था और तीन कैदियों की अनुपस्थिति पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल डूंडा सिवनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और फरार कैदियों की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान सूत्रों से जानकारी मिली कि जेल प्रशासन ने फरार आरोपितों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें समझाइश दी। बताया जाता है कि प्रशासन की अपील पर परिजनों ने स्वयं कैदियों को खोजकर जिला जेल में प्रस्तुत किया। इसके बाद तीनों कैदियों को पुनः जेल में दाखिल कर लिया गया।
डूंडा सिवनी थाना प्रभारी चैनसिंह उइके ने गुरुवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि फरार कैदी विजय लांजेवार और अंकित श्रीवास (दोनों निवासी पीपरडाही) तथा विशाल पिता बम्हानंद (निवासी गोदिया) के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर पुनः जिला जेल सिवनी भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जेल सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
यह भी पढ़े : Mathura : बांकेबिहारी मंदिर में पंडा ने बनाएं युवतियों के अश्लील वीडियो, पीड़िता ने खोली ब्लैकमेलिंग की पोल










