
US Senators Praising PM Modi : भारत और अमेरिका के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच, अमेरिकी राजदूत सर्गियो गोर भारत पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत मित्रता और सहयोग की मिसालें दीं। इस दौरान वाशिंगटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा का माहौल बन गया है, जिन्हें आधुनिक भारत के सबसे लोकप्रिय नेताओं में माना जा रहा है।
जहां एक ओर दोनों देशों के बीच रणनीतिक और राजनीतिक मतभेद बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर अमेरिका के अंदर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलेआम सराहना की जा रही है। प्रभावशाली अमेरिकी सांसदों ने पीएम मोदी को ऐसा नेता बताया है, जो वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को नई दिशा दे रहे हैं। उनका मानना है कि वाशिंगटन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को भारत-अमेरिका साझेदारी की स्थिरता और दीर्घकालिक मजबूती के लिए केंद्रीय मान रहा है।
वॉशिंगटन में मौजूद सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य रिच मैककॉर्मिक ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और सोच की प्रशंसा की।
मैककॉर्मिक का कहना है, “पीएम मोदी का दृष्टिकोण पूरी तरह से देशहित पर केंद्रित है और भारत के विकास लक्ष्यों के अनुरूप है। वे एक अच्छे अर्थों में बेहद राष्ट्रवादी हैं। हमें शायद यह पसंद न हो, पर वे अपने देश के हित में काम कर रहे हैं।”
मैककॉर्मिक ने कहा, “पीएम मोदी अपने देश का वैसे ही ध्यान रखते हैं जैसे हम अपने देश का। वह भारत में उत्पादन, विस्तार और नई तकनीकों को बढ़ावा देना चाहते हैं। वह रक्षा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में देश की क्षमता को विकसित करने पर जोर देते हैं। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि भारत की सैन्य ताकत देश के भीतर ही विकसित हो।”
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ मुद्दों पर मतभेद हैं। खासतौर पर, भारत की ओर से रियायती दरों पर रूसी तेल खरीदे जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हमें यह पसंद नहीं है, लेकिन वह अपने देश के हित में ऐसा कर रहे हैं, ताकि सस्ती ऊर्जा के ज़रिए अपनी अर्थव्यवस्था को विस्तार दे सकें।”
मैककॉर्मिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आधुनिक इतिहास के सबसे लोकप्रिय राजनेताओं में से एक हैं। उन्होंने कहा, “शायद गांधी के बाद वह सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने भारत की विविधता को समझने का अपना एक अलग दृष्टिकोण भी साझा किया है। पीएम मोदी का मानना है कि वह उस नेता पर भरोसा नहीं करते, जिसने कभी भारत को उत्तर से दक्षिण या दक्षिण से उत्तर तक ट्रेन के सामान्य कोच में यात्रा न की हो।”
कार्यक्रम में मौजूद भारतीय-अमेरिकी सांसद अमी बेरा ने कहा, “पीएम मोदी का कार्यकाल भारत के वैश्विक उभार के साथ जुड़ा हुआ है। भारत हमारी इंडो-पैसिफिक रणनीति का एक अहम हिस्सा है। यह रणनीतिक सोच कई अमेरिकी प्रशासन में लगातार बनी हुई है। भारत के तेजी से बढ़ते घरेलू बाजार और आत्मविश्वास ने वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक समीकरणों को नया आकार देना शुरू कर दिया है।”














