
- अपने नेता के दीर्घ जीवन के लिए महामृत्युंजय महादेव से कामना
Varanasi : उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में सोमवार को कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का 54वां जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ मनाया। पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अगुवाई में जिला और महानगर के कार्यकर्ताओं ने दारानगर स्थित महामृत्युंजय मंदिर में रूद्राभिषेक कर प्रियंका गांधी के दीर्घ और स्वस्थ्य जीवन के साथ उज्जवल भविष्य के लिए कामना की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दी। इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में रूद्राभिषेक सुबह 8.15 से वैदिक मंत्रोंच्चार के साथ शुरू हुआ। इस दौरान वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद चौबे,दुर्गा प्रसाद गुप्ता, सतनाम सिंह, अब्दुल हमीद डोडे,महिला कांग्रेस पदाधिकारी आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
उधर,मनरेगा का नाम बदलने को लेकर वाराणसी में रविवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को सांसद प्रियंका गांधी ने ‘कायरतापूर्ण’ बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के अपने अधिकृत एक्स अकाउंट पर लिखा कि मनरेगा को खत्म करके करोड़ों मजदूरों से रोजगार का अधिकार छीनने के खिलाफ वाराणसी में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई के छात्रों पर बर्बरतापूर्ण बलप्रयोग एवं गिरफ्तारी अत्यंत निंदनीय है। हम कड़े शब्दों में इस कायरतापूर्ण कार्रवाई की निंदा करते हैं। नरेंद्र मोदी सरकार करोड़ों मजदूरों से रोजगार का कानूनी अधिकार छीन रही है और आवाज उठाने वालों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी का हर एक कार्यकर्ता इस अन्याय, अत्याचार और दमन के खिलाफ डटकर खड़ा है। अपने पार्टी नेता प्रियंका गांधी के समर्थन से छात्र संगठन के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित है।










