
Lucknow : उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बीते दो दिनों से खिली धूप से मिली राहत अब खत्म होने वाली है। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में ठंड के तेवर कुछ नरम पड़े और अच्छी धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। लगातार दो दिन धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं कोहरे का असर भी कुछ कम हुआ। लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है।
सोमवार से प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा और पहाड़ों से आने वाली सर्द उत्तरी-पछुआ हवाएं एक बार फिर ठंड बढ़ा देंगी। इसके चलते तापमान में गिरावट आएगी, गलन बढ़ेगी और कई इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।
पश्चिमी यूपी में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
तराई में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
तराई क्षेत्र के 15 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रदेश के 23 अन्य जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की आशंका है।
घने कोहरे वाले जिले:
गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बिजनौर और आसपास के इलाके।
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के खत्म होने के बाद हवा का रुख फिर से उत्तरी-पछुआ हो जाएगा। इससे पश्चिमी यूपी में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड रहेगी। तराई क्षेत्रों में सुबह के समय घने कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
कई राज्यों में पारा 5 डिग्री से नीचे
पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली के पालम इलाके में 2013 के बाद सबसे कम 3.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और असम समेत आठ राज्यों में अगले तीन दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे गया।
- राजस्थान के प्रतापगढ़ में माइनस 2 डिग्री और बाड़मेर में माइनस 1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
- पंजाब में बठिंडा 1.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
- हरियाणा में हिसार 2.2 डिग्री, नारनौल 3 डिग्री, फरीदाबाद 4.2 डिग्री और रोहतक 4 डिग्री तापमान के साथ ठिठुरता रहा।











