
नई दिल्ली : एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, इंडियन सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल के तीसरे सीजन के विनर रहे सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग का निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 43 साल की उम्र में उन्हें 10 जनवरी की रात अचानक स्ट्रोक आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। कहा जा रहा है कि रविवार सुबह 11 जनवरी को वह दिल्ली में थे। उनके करीबी म्यूजिक कंपोजर और फिल्म प्रोड्यूसर राजेश घटानी ने उनके निधन की पुष्टि की है।
कौन हैं प्रशांत तमांग
प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में हुआ था। उनके माता-पिता रूपा और मदन तमांग हैं। एक दुर्घटना में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था, जिसके बाद उन्होंने कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल के तौर पर पिता की जगह ली, जहां उन्होंने पुलिस ऑर्केस्ट्रा का हिस्सा बनकर अपने म्यूजिकल स्किल्स को निखारा। प्रशांत को लोकप्रियता 2007 में इंडियन आइडल के तीसरे सीजन को जीतकर मिली, जिससे उन्होंने लाखों लोगों का दिल जीता। उन्हें 70 मिलियन वोट मिले। इसके बाद उनके करियर को नया मुकाम मिला और उन्होंने एल्बम रिकॉर्ड किए तथा अंतरराष्ट्रीय टूर भी किए। उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी अपना नाम बनाया।
प्रशांत तमांग ने गाए थे ये गाने
फिल्मों के अलावा, प्रशांत तमांग ने कई गाने भी गाए हैं। उन्होंने मन सैंली, गोरखा पलटन, और असारै महिनामा जैसे लोकप्रिय गाने गाए। उनके निधन पर इंडस्ट्री के लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।















