
- इलाके में दहशत, आरोपियों की तलाश शुरू
Jhansi : खेत में फसल की रखवाली कर रहे एक वृद्ध किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हमारे टहरौली संवाददाता के अनुसार, उल्दन थाना क्षेत्र के ग्राम हाटी निवासी महीपत सिंह 80 अपने परिवार के साथ रहते थे। वह फसल की रखवाली के लिए अक्सर रात में खेत में बनी झोपड़ी में ही सोते थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम करीब सात बजे महीपत सिंह घर पर भोजन करने के बाद खेत पर आराम करने चले गए थे। मंगलवार सुबह तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद नाती अमर प्रताप और बेटी का पुत्र मयंक सिंह खेत पर पहुंचे। जैसे ही दोनों झोपड़ी के अंदर गए, महीपत सिंह का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उनका गला रेत दिया गया था। यह दृश्य देखकर दोनों बच्चे घबरा गए और उन्होंने परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। शव को देखकर महिलाओं में कोहराम मच गया और रोना शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. अरविंद कुमार, सीओ मऊरानीपुर जितेंद्र सिंह और उल्दन थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार में पत्नी मानकुंवर 75, पुत्र पुष्पेंद्र 40 तथा दो विवाहित पुत्रियां अनीता और संगीता हैं। परिजनों ने बताया कि सबसे छोटे पुत्र सुरेंद्र ने पिछले वर्ष आत्महत्या कर ली थी। एक के बाद एक दुखद घटनाओं से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजन बिलख-बिलख कर बेहाल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।










