‘कांग्रेस को भगवान राम से समस्या, इसलिए कर रही VB-जी राम जी योजना का विरोध,’ गिरिराज सिंह का बड़ा बयान

बीजेपी नेता वीबी-जी राम जी योजना को लेकर गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी में हैं। इस दौरान योजना को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का इस मुद्दे पर बड़ा बयान सामने आया है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मनरेगा की जगह लागू की गई विकसित भारत-गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना का विरोध करने पर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को इस योजना से नहीं, बल्कि इसमें भगवान राम का नाम जुड़े होने से आपत्ति है।

अपने लोकसभा क्षेत्र बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता वीबी-जी राम जी योजना का विरोध सिर्फ इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि इसका नाम भगवान राम से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न तो रोजगार की चिंता है और न ही गरीब, वंचित और ग्रामीण समाज के कल्याण की।

गिरिराज सिंह ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यूपीए शासन के दौरान कांग्रेस ने कभी भी रोजगार के दिनों को बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से नहीं सोचा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में वीबी-जी राम जी विधेयक, 2025 को मंजूरी दी है, जिसे संसद के दोनों सदनों से पारित किया गया। इस कानून के लागू होने के बाद मनरेगा का स्थान यह नई योजना लेगी। गिरिराज सिंह के अनुसार, रोजगार के दिनों में बढ़ोतरी से ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुरक्षा, काम की निरंतरता और आय में स्थिरता आएगी।

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि यूपीए सरकार ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में राज्यों को 2.13 लाख करोड़ रुपये जारी किए, जबकि 2014 से अब तक एनडीए सरकार ने 8.5 लाख करोड़ रुपये राज्यों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है, इसी वजह से उसे लगातार चुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें