
- 26 नवम्बर को नमिता अवस्थी के निधन के बाद खाली हो गया था पद
- बीते दिवस खाली पद पर किरन अर्कवंशी को किया नामित
Gondlamau, Sitapur : जनपद के गोंदलामऊ विकास खंड में प्रमुख क्षेत्र पंचायत श्रीमती नमिता अवस्थी के आकस्मिक निधन के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। पंचायत कार्यों के सुचारु संचालन के लिए अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रीमती अवस्थी का निधन 26 नवंबर 2025 को हुआ था, जिसकी आधिकारिक सूचना खंड विकास अधिकारी गोंदलामऊ ने पत्र संख्या 1989 के माध्यम से 31 दिसंबर 2025 को जिला प्रशासन को भेजी थी।
उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत अधिनियम, 1961 की धारा 9(2) के तहत यह प्रावधान है कि प्रमुख का पद रिक्त होने पर नए प्रमुख के चुनाव तक जिला मजिस्ट्रेट उपयुक्त व्यवस्था कर सकते हैं। इसी अधिकार का प्रयोग करते हुए जिला मजिस्ट्रेट सीतापुर डॉ. राजामणपति आर. ने आवश्यक आदेश जारी किए। खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार द्वारा उपलब्ध कराई गई क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सूची के गहन अवलोकन के बाद, वार्ड संख्या-34 (करूवामऊ-2) से निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती किरन अर्कवंशी (पत्नी संजय अर्कवंशी) को गोंदलामऊ के प्रमुख क्षेत्र पंचायत के समस्त दायित्वों और शक्तियों के निर्वहन हेतु नामित किया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगी।
श्रीमती किरन अर्कवंशी के पति संजय अर्कवंशी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में प्रदेश महासचिव (मध्यांचल) का पद भी संभाल रहे हैं। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
प्रशासनिक स्तर पर इस निर्णय को क्षेत्र पंचायत के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और पंचायत स्तरीय गतिविधियों में निरंतरता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा को रोकना है। इस आदेश के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मदन पाल सिंह अर्कवंशी, प्रदेश प्रमुख महासचिव योगेन्द्र सिंह अर्कवंशी, रामजी शास्त्री, धर्मेंद्र मधुर, इन्द्र प्रताप सिंह, रोहित त्रिपाठी अखिलेश मिश्रा, भाजपा संदना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र अवस्थी उर्फ़ सीटू, सचिन गुप्ता, रवी त्रिपाठी, अरून कुमार, रेहान, जगमोहन, ठाकुर प्रसाद, आदि लोगों ने बधाई दी है।











