
Nindura, Barabanki : घुघटेर थाना क्षेत्र के करीमनगर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय किशोरी का शव गांव से लगभग 400 मीटर की दूरी पर आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। मृतका की पहचान रेखा देवी पुत्री सियाराम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक व आक्रोश का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने गांव के बाहर आम की बाग में किशोरी का शव पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना तुरंत परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रेखा देवी के रूप में की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि 31 तारीख की रात गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते किशोरी को गायब कर लिया था। आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को गांव के बाहर आम की बाग में फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर घुघटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। बताया गया कि मृतका की शादी की तारीख भी तय हो चुकी थी, जिससे परिजनों का दुख और गहरा हो गया है।










