
Lucknow : राज्य सरकार ने बुधवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन IG समेत कुल 50 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति दी है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत विभिन्न बैच के अधिकारियों को उच्च पदों पर प्रोन्नत किया गया है, जिससे पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों का रास्ता साफ हुआ है।
जारी सूची के अनुसार 2001 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों को आईजी से एडीजी पद पर प्रमोशन दिया गया है। इनमें तरुण गाबा (आईजी रेंज, लखनऊ), प्रवीण कुमार (आईजी रेंज, अयोध्या) और आशुतोष कुमार (ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर, कानपुर) शामिल हैं। इन अधिकारियों को अब अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के रूप में नई भूमिका निभानी होगी।
इसके अलावा 2008 बैच के छह आईपीएस अधिकारियों को आईजी रैंक में पदोन्नति मिली है। इनमें किरण एस, आनंद सुरेश राव कुलकर्णी, एन. कोलांची, अमित वर्मा, राजीव मल्होत्रा और डॉ. अखिलेश कुमार निगम के नाम शामिल हैं। यह पदोन्नति उनके अनुभव और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर की गई है।
वहीं 2012 बैच के 13 आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी पद पर प्रोन्नत किया गया है। इस सूची में विपिन टांडा (एसएसपी मेरठ), आशीष तिवारी (एसएसपी सहारनपुर), राज करन नैय्यर (एसएसपी गोरखपुर), संकल्प शर्मा (एसएसपी लखीमपुर खीरी), अभिषेक यादव (एसपी पीलीभीत), सोमेन वर्मा (एसपी मिर्जापुर) सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। इनके साथ विजय ढुल, घुले सुशील चंद्रभान, सचींद्र पटेल, प्रताप गोपेंद्र यादव, यमुना प्रसाद, संतोष कुमार मिश्रा और हेमराज मीणा को भी डीआईजी बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त 2013 बैच के 28 आईपीएस अधिकारियों को सेलेक्शन ग्रेड प्रदान किया गया है। इस सूची में अनुराग आर्य, डॉ. अभिषेक महाजन, आशीष श्रीवास्तव, ख्याति गर्ग, डॉ. गौरव ग्रोवर, आकाश तोमर, डॉ. सतीश कुमार, यशवीर सिंह, सिद्धार्थ शंकर मीना, गणेश प्रसाद साहा समेत कई अधिकारी शामिल हैं।
शासन के इस फैसले को पुलिस प्रशासन को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पदोन्नति के बाद इन अधिकारियों से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद की जा रही है।













