
Lucknow : लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति सुदेश ने आर्य समाज मंदिर में दूसरी शादी कर ली है। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी पति ने आगरा हाईवे स्थित सिटी गार्डन के पास समझौते के बहाने बुलाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पति सुदेश और उसके सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि, महिला के अनुसार, उसकी पहली शादी साल 2022 में हुई थी, जिसमें उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह सुदेश नाम के युवक के संपर्क में आई। सुदेश ने उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद, 14 जुलाई 2025 को चिनहट आर्य समाज मंदिर में दोनों ने प्रेम विवाह किया।
महिला ने बताया कि, शादी के बाद जब वह अपने ससुराल जाने की जिद करने लगी, तो सुदेश ने टालमटोल शुरू कर दी। इसी बीच, उसे पता चला कि सुदेश ने 3 दिसंबर 2025 को उसकी जानकारी के बिना ही दूसरी युवती से भी शादी कर ली है।
महिला का आरोप है कि जब उसने इस दूसरी शादी का विरोध किया, तो उसके पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी की बहन और बहनोई ने उसे तलाक के कागज पर साइन करने का दबाव बनाया।
25 दिसंबर 2025 को आरोपी पक्ष ने महिला को आगरा हाईवे स्थित सिटी गार्डन के पास समझौते के लिए बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष ने उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया। इसके साथ ही, उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना से परेशान होकर, महिला ने पारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़े : नए साल के सेलिब्रेशन को लेकर जगदंबिका पाल ने सपा पर बोला हमला, कहा- ‘लखनऊ में केक काट रहे होंगे’












