
अयोध्या। राम नगरी में श्री राम लला के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आंग्ल नव वर्ष में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी हुई है। राम मंदिर में पिछले पांच दिनों में सात लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। रामलला के दरबार में जैसे ही श्रद्धालु प्रवेश करते हैं, भक्ति का भाव स्वतः मुखर हो उठता है। कोई हाथ जोड़े, आंख बंद किए खड़ा है तो कोई भावविभोर है। मंदिर परिसर के चारों ओर ‘जय श्रीराम’ की गूंज वातावरण में ऐसी लय भर रही है कि हर आगंतुक के हृदय में भक्ति का संगीत बज उठता है। वहीं श्री राम जन्मभूमि के प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव में अंगद टीला पर सभी के लिए कार्यक्रम चल रहे हैं।
आंग्ल नव वर्ष में आने वाले श्रद्धालुओं में रामलला के दर्शन की ललक दिख रही है। श्री राम लला की दिव्य छवि भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। पांच दिनों में सात लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। हर दर्शनार्थी की आंखों में एक ही भाव झलकता रहा, धन्य हुआ जीवन, पा लिए प्रभु के दर्शन। प्रतिदिन लगभग सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने की बात की पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बी. सी दुबे ने तस्दीक की है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा की विशेष व्यवस्था हैI सभी को पंक्तिबद्ध रूप से दर्शन कराया जा रहा हैl
कर्नाटक से आए सुब्रमण्यम ने बताया कि प्रभु के दर्शन की ह्रदय में बहुत इच्छा थी, जो आज पूरी हुई I दर्शन से हम सभी लोग धन्य हो गए हैंI श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि इन दिनों प्रतिदिन लगभग एक से अधिक भक्त रामलला के दर्शन कर रहे हैं। दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों और स्वयंसेवकों की टीम दिन-रात मुस्तैद है। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सक दल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है।










