
- सामूहिक रूप से कार्यकर्ताओं ने संगठन मजबूती का लिया संकल्प
- पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों व उद्देश्यों पर की गई चर्चा
Banda : कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कांग्रेस नेताओं ने जश्न मनाया। इस अवसर पर बुजुर्ग कांग्रेसियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में जोरदार जश्न मनाते हुए नेताओं ने पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को महुआ ब्लॉक अंतर्गत गिरवां में जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में पार्टी का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी संस्थापक एओ ह्यूम व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। वरिष्ठ कांग्रेसियों हरिशंकर पांडेय, कांग्रेस किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मेराज खान, राजेंद्र तिवारी पुलक, रामराज सोनी, उर्मिला रैकवार, भगवानदीन उर्फ पट्टीदार द्विवेदी को जिलाध्यक्ष ने शाल उढ़ाकर सम्मानित किया। कहा कि 1885 में मुंबई में 72 जनप्रतिनिधियों की उपस्थित में एओ ह्यूम ने पार्टी की स्थापना की थी। देश की आजादी में महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल सरीखे क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए अतुलनीय योगदान किया। साथ ही 1952 से लेकर अब तक कांग्रेस की नीतियां, सिद्धांत, मूल्यों पर चलने के लिए देशवासी आज भी समर्पित हैं।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से महिलाएं अत्यधिक प्रभावित रहीं। देश की आजादी में महिलाओं का योगदान चिर स्मरणीय रहेगा। कहा कि मनरेगा योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर जी राम जी करना मोदी सरकार की विकृत मानसिकता का परिचायक है। महिलाओ से योजना का नाम बदले जाने के खिलाफ पांच जनवरी से शुरू हो रहे आंदोलन में महिलाओं से भागीदारी का आह्वान किया। पीसीसी मुमताज अली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी संकटा प्रसाद त्रिपाठी, बी.लाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संतोष द्विवेदी, नसीमा बेगम, गोमती सोनी, राजेंद्र कुमार, राजू सहित तमाम कांग्रेसी उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री सत्यप्रकाश द्विवेदी व आभार मंडल अध्यक्ष रज्जाक ने व्यक्त किया।










