Sultanpur : गुरुगोविंद सिंह की जयंती पर निकली शोभायात्रा का नगरवासियों ने किया स्वागत

Sultanpur : सुल्तानपुर नगर में सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के जन्मदिन पर आज श्री गुरु सिंह सभा द्वारा गुरुद्वारे से निकाली गई शोभायात्रा का सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा की अग्रिम पंक्ति में सबसे आगे पंच प्यारे, सेना का बैंड और चंडीगढ़ एवं लुधियाना से आए सिख कलाकारों द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतब नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।

श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव सुदीप पाल सिंह ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जयंती सिख धर्म का अत्यंत पवित्र और प्रेरणादायक पर्व है। यह दिन सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के रूप में श्रद्धा, सम्मान और गौरव के साथ मनाया जा रहा है। गुरु गोबिंद सिंह जी न केवल एक महान आध्यात्मिक गुरु थे, बल्कि एक अद्वितीय योद्धा, कवि, दार्शनिक और समाज सुधारक भी थे। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, धर्म की रक्षा और मानवता की सेवा का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से सामाजिक और धार्मिक आयोजनों को लेकर देश में बड़ा बदलाव आया है, जिसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। वहीं, आस्थावान शिक्षिका हरमीत कौर ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जयंती केवल जन्मोत्सव नहीं, बल्कि साहस, त्याग, समानता और सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का दिन है। इस दिन सिख समुदाय गुरु गोबिंद सिंह जी की शिक्षाओं और मूल्यों को याद कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेता है। यह पर्व हमें सिखाता है कि धर्म का अर्थ केवल धार्मिक अनुष्ठानों का पालन नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध खड़े होना भी है। गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन यह संदेश देता है कि आध्यात्मिकता और वीरता एक साथ चल सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें