
- तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने रखवाया पिंजड़ा
Shahjahanpur : यूपी के शाहजहांपुर में खुटार के गांव प्रतापपुर में कई दिनों से तेंदुआ देखा जा रहा। इस दौरान तेंदुआ दो बार श्रमिकों पर हमला कर दिया। जिसके बाद वन विभाग ने सुध ली है। रविवार को तेंदुआ को कैद करने के लिए वनकर्मियों ने बालक राम के खेत में पिंजरा रखवा दिया है। साथ ही कांबिंग कर लोगों को सचेत किया है।
खुटार के गांव प्रतापपुर निवासी बालक राम के खेत में गन्ना छिलाई का काम चल रहा था। 27 दिसंबर को कई श्रमिक खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे थे। दोपहर दो बजे गन्ने के खेत से तेंदुआ निकल आया। श्रमिकों के देखने पर होश उड़ गए और शोर मचाते हुए भाग खड़े हुए थे। बाद में प्रतापपुर व बढ़ईपुर से तमाम लोग मौके पर पहुंचे थे। तो तेंदुआ फिर से गन्ने में चला गया था।
उधर, गांव प्रतापपुर में पांच दिन पूर्व 23 दिसंबर को बालक राम के गन्ने के खेत से तेंदुआ निकला था और गन्ने की छिलाई कर रहे गांव के अरुण शर्मा, मोहित सिंह पर दौड़ पड़ा था। लेकिन उनकी सूझबूझ के चलते शोर मचाया और गांव की तरफ भागकर जान बचाई थी। बाद में तमाम लोग मौके पर पहुंच गए थे। सूचना के बाद वन विभाग की टीम पहुंची थी और जांच कर वापस लौट गई थी। रविवार को गांव के बालकराम के खेत में पिंजरा रखवा दिया गया। लेकिन तेंदुआ की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई है।










