
Siddharthnagar : जिला कांग्रेस कार्यालय पर शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 141वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद द्वारा ध्वज फहराने से हुई। इसके बाद महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी सहित पार्टी के महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कोई साधारण राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि आज़ादी की लड़ाई से लेकर लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा तक कांग्रेस ने हर मोर्चे पर ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। मौजूदा समय में महंगाई, बेरोज़गारी और संवैधानिक संस्थाओं पर हमलों के बीच कांग्रेस ही आम जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष जावेद मोकीम, अनिल सिंह अन्नू और सादिक अहमद ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और महिलाओं के अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ रही है तथा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए संकल्पबद्ध है।











