
Maharashtra : महाराष्ट्र के पुणे से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपल ने करीब दो साल के रिश्ते के बाद शादी का फैसला लिया और महज 24 घंटे बाद ही तलाक लेने का निर्णय कर लिया।
कहते हैं कि शादी सात जन्मों का बंधन होती है, लेकिन इस शादी ने यह सब झूठा साबित कर दिया। पुणे के इस कपल ने सात फेरे भी लिए, साथ जीने-मरने की कस्में भी खाई, लेकिन शादी के तुरंत बाद ही उन्हें यह समझ आ गया कि वे एक-दूसरे के लिए उपयुक्त नहीं हैं, और दोनों ने तलाक लेने का फैसला कर लिया। यह कोई अनजाना रिश्ता नहीं था, बल्कि दोनों पहले ही करीब दो साल से रिलेशनशिप में थे।
उनका पेशा भी अच्छा-खासा है-लड़का जहाज पर इंजीनियर है और लड़की डॉक्टर हैं। दोनों की मुलाकात पहले कई साल पहले हुई और धीरे-धीरे उनका प्यार बढ़ा, जिसके बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। परिवार और रिश्तेदार भी इस शादी से बहुत खुश थे। लेकिन शादी के महज एक दिन बाद ही दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और यह इतना बढ़ गया कि लड़की घर छोड़कर चली गई। इसके बाद दोनों का मन बदल गया और दोनों ने फैसला किया कि अब वे साथ नहीं रह सकते। इस मामले ने कानूनी रास्ता पकड़ लिया और कोर्ट में पहुंच गया।
वकील के अनुसार, लड़की ने बताया कि लड़का जहाज पर काम करता है, और उसकी पोस्टिंग कहां होगी, कितने वक्त के लिए वह घर से बाहर रहेगा, इन सब बातों का स्पष्ट जवाब नहीं था। इन वैचारिक मतभेदों ने दोनों के बीच खटास ला दी और उन्हें यह महसूस हुआ कि वे एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने के लिए तैयार नहीं हैं। दोनों ने आपसी सहमति से शादी खत्म करने का फैसला किया। 3 दिसंबर को कोर्ट में तलाक की अर्जी दी गई और महज 10 दिसंबर को उस पर मुहर भी लग गई।
आमतौर पर तलाक में कम से कम छह महीने का समय लगता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, कुछ मामलों में यह प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सकती है। इस पूरे प्रकरण ने यह साबित कर दिया कि कभी-कभी प्यार और शादी भी बिना समझदारी के जल्दीबाजी में हो जाती है और परिणाम अक्सर अप्रत्याशित हो सकते हैं।
यह भी पढ़े : कुंडा पहुंचे ‘विजयराज’ का शाही अंदाज में हुआ स्वागत! राजा भैया को गिफ्ट में मिला 1.5 करोड़ रुपये का घोड़ा














