
बस्ती। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष अजय आर्य द्वारा नियम विरुद्ध ढंग से बिना चुनाव कराए पुनः अध्यक्ष बन जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। संघ पदाधिकारियों में इसे लेकर रोष है। शनिवार को संघ के जिला मंत्री मनोज चौहान, कोषाध्यक्ष पेशकार, संगठन मंत्री राम कृपाल चौधरी के संयुक्त पहल पर एक आकस्मिक बैठक कचहरी परिसर में सम्पन्न हुई।
निर्णय लिया गया कि मनोनयन निरस्त कर पुनः चुनाव कराया जाए, अन्यथा इस प्रकरण को संघ के प्रदेश नेतृत्व, विभागीय अधिकारियों और डीएम के समक्ष ले जाया जाएगा। कड़ाके की ठंड के बीच सफाई कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा।
संघ के जिला मंत्री मनोज चौहान ने कहा कि अचानक जब अजय आर्य के पुनः अध्यक्ष बनने की सूचना मिली, तो संघ पदाधिकारी और सफाईकर्मी हतप्रभ रह गए। अजय आर्य ने चुनाव प्रक्रिया के किसी नियम का कोई पालन नहीं किया और स्वयंभू अध्यक्ष बन गए, जो अवैध है। कहा कि इसके पूर्व भी संघ के चुनाव हुए हैं, जहां विधिवत मतदान के द्वारा पदाधिकारी चुने गए, किन्तु इस बार तो अजय आर्य बिना कार्यकारिणी भंग किए अध्यक्ष बन बैठे और विभागीय अधिकारियों को भी नियमानुसार इसकी सूचना नहीं दी। कहा कि यह घोषणा पूरी तरह से अवैध है।
कोषाध्यक्ष पेशकार, संगठन मंत्री राम कृपाल चौधरी ने कहा कि संघ में अजय आर्य की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। पहले पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नए सिरे से चुनाव की तिथि घोषित की जाए। कहा कि यदि इन मांगों पर विचार नहीं हुआ, तो उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा और नए सिरे से चुनाव कराकर पदाधिकारी घोषित किए जाएंगे।
इस सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष अजय आर्य का कहना है कि चुनाव नियमानुसार सभी संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बाद कराया गया है। जो लोग पदाधिकारी नहीं बन पाए, वे विवाद कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष बस्ती सदर बलराम यादव, बनकटी के विपिन दूबे, कप्तानगंज के लालजी निषाद, विक्रमजोत के अक्षय यादव, सल्टौआ गोपालपुर के महेंद्र प्रताप, बहादुरपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजय भारत, के साथ ही सोमईराम आजाद, सुधीर शर्मा, शशिकान्त विश्वकर्मा, राम सहाय यादव, बुधई प्रसाद, सुनील कुमार, दीपक कुमार, मेवाराम, मो. सलीम, सूरज गौड़, जितेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, शैलेन्द्र कुमार, दिलीप कुमार चौधरी, कृष्णचन्द्र, राम प्रकाश चौधरी, सुरेंद्र कुमार चौधरी, राजेंद्र कुमार वर्मा, असलम अंसारी, प्रेमचंद्र, शिवमंगल पाण्डेय, अमजद खान, मनीष यादव, अमित प्रकाश, संजय चौधरी सहित अनेक सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े : बहराइच में BLO ने कर दिया खेल! नाबालिग हो गए बालिग, बिन शादी के मिल गई पत्नी










